भागलपुर में दो दिवसीय जिला युवा उत्सव शुरू

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

भागलपुर में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार और जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने दीप प्रज्वलन में सहयोग प्रदान किया।
जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने कलाकारों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग में हमेशा उत्साह और क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष प्रतिभा दी है और इसे पहचानने तथा निखारने के लिए जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया है।
इस उत्सव में समूह गायन, समूह लोक नृत्य, वक्तृत्व, कविता, कहानी लेखन और चित्रकला सहित कई विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों से कहा कि उनका प्रयास केवल जिले तक सीमित न रहे, बल्कि बिहार और पूरे देश में भागलपुर के कलाकारों का परचम लहराने की उम्मीद है।
उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रकृति प्रत्येक व्यक्ति को कोई न कोई प्रतिभा देती है, जिसे निखारने की आवश्यकता है। यदि इस अवसर पर प्रतिभा का विकास नहीं हुआ तो वह साधारण कार्यों में दब सकती है। ऐसे में जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतिभाओं को उभरने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।
जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने अपने स्वागत संबोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
यह उत्सव अगले दो दिनों तक चलेगा और इसमें भागलपुर के युवाओं द्वारा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जाएगा।