जिला स्तरीय युवा उत्सव 5 दिसम्बर को, तैयारी शुरू

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

कला संस्कृति एवं युवा विभाग के दिशा निर्देश के आलोक में जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रवीर कुमार की अध्यक्षता में अनुमंडल सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवा उत्सव आयोजन समिति के सभी सदस्य एवं विभिन्न कार्यालयों व विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। विभाग के निर्देश के आलोक में सुपौल जिला में जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन 5 दिसंबर को किए जाने का निर्णय लिया गया। इस युवा उत्सव कार्यक्रम के संबंध में सभी सदस्यों को बताया गया कि युवा उत्सव कार्यक्रम में विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है जिसमें 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में भाग लेने हेतु पूरे जिले में 19 जगहों पर प्रतिभागियों के लिए निबंधन हेतु आवेदन दिए जाने का प्रावधान किया गया है। निबंधन की तिथि 28 नवंबर से 3 दिसंबर समय 10:30 पूर्वाह्न से 5:00 बजे अपराहन तक निर्धारित की गई है। यह कार्यक्रम 5 दिसंबर को शहर के टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा। प्रतिभागियों की सुविधा हेतु प्रतिभागियों के निबंधन हेतु सभी 11 प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अनुमंडल कार्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) का कार्यालय, आरएसएम स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय तथा इंजीनियरिंग कॉलेज में भी निबंधन कराए जाने हेतु आवेदन प्राप्त किये जाने का प्रावधान किया गया है। सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया कि अपने स्तर से व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इसमें भाग ले सकें। बैठक में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी तारकेश्वर पटेल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी महताब रहमानी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अमित कुमार तथा कार्यपालक दंडाधिकारी नूतन कुमारी भी उपस्थित थे।