- पशु चिकित्सा जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, कैमूर
मोहनिया शहर के चांदनी चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास एक सीएनजी ऑटो से संदिग्ध मांस बरामद होने पर अफरा–तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने संदेह होने पर ऑटो को रोका और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चालक की पहचान रोहतास जिले के विक्रमगंज निवासी नबी हसन के पुत्र अब्दुल मन्नान के रूप में हुई है। वह सीएनजी ऑटो में बोरियों में भरा मांस लेकर जा रहा था।
स्थानीय लोगों ने जताई आपत्ति
भाजपा नगर अध्यक्ष धीरज तिवारी ने बताया कि ऑटो बेलौडी गांव की ओर से मोहनिया आ रहा था और दशौती में किसी समारोह के लिए बड़ी मात्रा में मांस ले जाया जा रहा था। गंध और शक होने पर ग्रामीणों ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें बोरियों में भरा संदिग्ध मांस मिला। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
राष्ट्रीय सनातन सेवा समिति के नगर महामंत्री विनय सैनी भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएँ लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली होती हैं, इसलिए प्रशासन को इस पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए।
पुलिस की कार्रवाई
मोहनिया थाना अध्यक्ष आलोक कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की पड़ताल की।
एसडीपीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि बरामद मांस को जब्त कर पशु चिकित्सा विभाग को जांच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मांस किस प्रकार का है और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

































