- सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर भी साधा निशाना
न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, कैमूर
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री के रूप में चौथी बार शपथ लेने के बाद मोहम्मद ज़मा खान अपने गृह जिले कैमूर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका बैंड-बाजे और फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। मोहनिया प्रखंड के दादर के समीप सैकड़ों समर्थकों की भीड़ जमा हुई और जमकर उत्साह देखने को मिला।
मो. ज़मा खान कैमूर के चैनपुर विधानसभा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान विभिन्न एजेंसियों के सर्वे में उनकी हार दिखाई जा रही थी, लेकिन चैनपुर की सम्मानित जनता ने उन्हें भारी मतों से जिताकर भेजा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी आभार व्यक्त किया।
अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल में कहा था कि “यूपी में तीन करोड़ लोगों का वोट ये लोग काट देंगे।” इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ज़मा खान ने कहा:
“उत्तर प्रदेश का कोई भी व्यक्ति, किसी भी समाज का हो… अगर उसके पास वैध दस्तावेज हैं, सब कुछ साबित है, तो किसी का नाम नहीं कटेगा। अफवाह फैलाने की जरूरत नहीं है।”
उन्होंने कहा कि सरकार हर समुदाय की सुरक्षा और अधिकार सुनिश्चित करने को प्रतिबद्ध है तथा किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नेताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

































