- कोशी स्नातक चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन, जिले के प्रकाशित मतदाता सूची के प्रारूप में हैं 6233 स्नातक मतदाता
- जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल
जिले में कोशी स्नातक निर्वाचन की तैयारी शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार ने मंगलवार को कई राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कोशी स्नातक निर्वाचन से सबंधित प्रशासन की तैयारी से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि कोशी स्नातक निर्वाचन की मतदाता सूची में सुयोग्य मतदाता 10 दिसम्बर तक अपना नाम जुड़वा सकता है। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष और सचिव, प्रतिनिधि की मौजूदगी में कोशी स्नातक निर्वाचन के प्रारूप सूची का प्रकाशन किया गया।
कोशी स्नातक निर्वाचन मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए मिले 8289 आवेदन :
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के प्रारूप को प्रतिनिधियों के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 30 सितंबर से 6 नवंबर तक में प्रपत्र-18 में ऑफलाइन आवेदन 4920 और ऑनलाइन 3300 कुल 8289 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त सभी ऑफलाइन प्राप्त 4740 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। 180 आवेदन अस्वीकृत हुए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन के माध्यम से प्राप्त 3300 आवेदनों में से 1551 आवेदन पत्र स्वीकृत हुए हैं। शेष 1818 आवेदकों को एसएमएस से संवाद दिये जाने के बावजूद साक्ष्य समर्पित नहीं किया गया। अर्हता नहीं रखने वाले आवेदन भी प्राप्त हुए हैं। 1818 आवेदनों को अस्वीकृत किया गया है। कुल 6291 आवेदन स्वीकृत हुए है। अब कुल 6233 निर्वाचकों का नाम प्रारूप सूची में शामिल कर कोशी स्नातक निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया है।
त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय में सबसे अधिक निर्वाचक, प्रतापगंज में सबसे कम निर्वाचक :
प्रकाशित प्रारूप के मुताबिक त्रिवेणीगंज प्रखंड कार्यालय कोशी स्नातक निर्वाचन मतगणना केंद्र पर सबसे अधिक 1173 निर्वाचक हैं। जबकि प्रतापगंज प्रखंड कार्यालय में सबसे कम 186 मतदाता हैं। मरौना प्रखंड कार्यालय में 284, निर्मली प्रखंड कार्यालय में 232, सरायगढ़ भपटियाही में 415, किशनपुर प्रखंड कार्यालय में 387, अनुमंडल कार्यालय सुपौल में 363, प्रखंड कार्यालय सुपौल में 645, नगर पंचायत सिमराही 476, प्रखंड कार्यालय बसंतपुर 508, प्रखंड कार्यालय छातापुर 549 और पिपरा प्रखंड कार्यालय में 925 सहित कुल 6233 निर्वाचक हैं। प्रकाशित प्रारूप के लिए 10 दिसंबर तक दावा और आपत्ति प्राप्त किया जाएगा। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सावन कुमार ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची में अधिक से अधिक संख्या में निर्वाचकों का पंजीकरण के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और प्रतिनिधियों से अपील की है।

































