एसएम कॉलेज में 47 बिहार बटालियन NCC कैम्प का समापन, सांस्कृतिक संध्या में दिखी कैडेट्स की प्रतिभा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर द्वारा एसएम कॉलेज परिसर में आयोजित 10-दिवसीय एनसीसी प्रशिक्षण कैम्प का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कैम्प में 500 गर्ल कैडेट्स ने ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, नेतृत्व विकास और व्यक्तित्व निर्माण जैसी गतिविधियों में व्यापक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और टीमवर्क जैसे गुणों के विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स को देश सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा दी।
कैम्प के दौरान एनसीसी स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कैडेट्स ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, नाटक, कविता-पाठ और लोक कला से भरपूर प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
एनसीसी डे पर दो जूनियर कैडेट्स तथा 47 बिहार बटालियन की सेवानिवृत्त एएनओ गायत्री देवी द्वारा संयुक्त रूप से केक काटकर कार्यक्रम का विशेष उत्सव मनाया गया।
कर्नल राना ने प्रशिक्षकों, एनसीसी स्टाफ, मेजबान संस्थान एवं सहयोगी अधिकारियों को कैम्प के सफल संचालन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से कैडेट्स आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए अधिक सक्षम बनते हैं।