न्यूज स्कैन ब्यूरो, भागलपुर
भागलपुर सिविल कोर्ट के तेज-तर्रार, कर्मठ और सम्मानित अधिवक्ता मनोज कुमार यादव का इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से सिविल कोर्ट परिसर सहित पूरे कानूनी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जाता है कि वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें उन्नत चिकित्सा के लिए रेफर किया गया था, जहां सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
मनोज कुमार यादव ने वर्ष 2008 में भागलपुर सिविल कोर्ट में अपने अधिवक्ता जीवन की शुरुआत की थी। तेज दलीलों, सटीक कानूनी समझ, बेबाक अंदाज और न्याय के प्रति समर्पित दृष्टिकोण के कारण उन्होंने कम समय में ही वकालत जगत में अलग पहचान बनाई। वे न सिर्फ अपने पेशे में दक्ष थे, बल्कि सहयोगियों के बीच मिलनसार और सम्मानित व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे।
उनके निधन की सूचना अधिवक्ता कपिलदेव कुमार ने जिला विधिज्ञ संघ के अध्यक्ष वीरेश मिश्रा को दी, जिसके बाद पूरे कोर्ट परिसर का माहौल गमगीन हो गया। शोक व्यक्त करने वालों में अधिवक्ता संजय कुमार सिंह, दिनेश कुमार सिंह ‘बबलू’, अमन कुमार, तमहिद, मिथलेश कुमार, विनय मिश्रा, आनंद मोहन झा सहित सैकड़ों अधिवक्ता शामिल हैं। सभी ने कहा कि मनोज कुमार यादव का निधन न्याय व्यवस्था के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसे भरना आसान नहीं होगा।
वे अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में अधिवक्ता और शुभचिंतक शामिल होंगे।
मनोज कुमार यादव की व्यावसायिक निष्ठा, सरल स्वभाव और न्याय के प्रति समर्पण को भागलपुर का विधिक समुदाय हमेशा याद रखेगा।


































