न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
जिले के प्रतापगंज के एनएच -27 पर
एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया।जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल बुजुर्ग की पहचान प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गड़िया वार्ड संख्या-14 निवासी हरिलाल यादव के रूप में हुई है। उनके पोते आशीष कुमार ने बताया कि उनके दादा प्रतापगंज एनएच-27 स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सिमराही की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक सामने आया और उन्हें टक्कर मारते हुए फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच 27 पर इन दिनों सड़क मरम्मत कार्य चल रहा है। इसके कारण दोनों ओर का यातायात एक ही तरफ से गुजर रहा है, जिससे सड़क पर लगातार अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि अव्यवस्थित ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों की वजह से ऐसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं।
राघोपुर रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि हरिलाल यादव के दाहिने पैर में गंभीर फ्रैक्चर है तथा उनके शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत गंभीर है, इसलिए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही प्रतापगंज पुलिस सक्रिय हुई। प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि फरार ट्रक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने एनएच-27 पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क मरम्मत कार्य पूरा करने तथा दुर्घटना-रोधी उपाय लागू करने की मांग की है।

































