न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ राघोपुर
रविवार की मध्य रात्रि सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। शादी समारोह से लौट रही एक लग्जरी स्कार्पियो को एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कार्पियो में सवार पांच लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि सभी को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।
यह हादसा करीब रात 1 बजे मछली मार्केट के पास हुआ। स्कार्पियो (BR 01 JH 7699) दरभंगा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्कार्पियो में सवार रोहन राय ने बताया कि परिवार के सभी पांच सदस्य सुरक्षित हैं और कोई गंभीर घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन ट्रक फारबिसगंज की ओर निकल भागा।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन तथा सड़क के हालात का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि रात में घटनास्थल की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ट्रक की पहचान के लिए जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एनएच-27 पर रात में तेज रफ्तार वाहनों की बढ़ती समस्या और सुरक्षा व्यवस्था को फिर से सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।

































