न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
नाथनगर प्रखंड अंतर्गत रत्तीपुर पंचायत के बैरिया एवं रसदपुर क्षेत्रों में गंगा नदी में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) द्वारा चल रहे ड्रेजिंग कार्य से उत्पन्न जनसमस्याओं को देखते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ सांसद अजय कुमार मंडल ने विस्तृत स्थल निरीक्षण किया गया।
स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि ड्रेजिंग गतिविधि के कारण तटवर्ती इलाकों में कटाव की आशंका बढ़ गई है तथा कई परिवारों को प्रत्यक्ष रूप से इसके प्रभावों का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों को स्थिति की जानकारी मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को विस्तार से सुना।
जनहित को प्राथमिकता देते हुए स्थल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को ड्रेजिंग कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया गया, ताकि संभावित नुकसान और बढ़ते संकट पर नियंत्रण पाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि अब पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा एवं सर्वे कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। निर्णय लेते समय स्थानीय जनता की मांग, सुरक्षा और हितों को सर्वोच्च महत्व दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए आशा जताई कि सर्वे के बाद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा।


































