श्री सत्य साईं बाबा का 100वां जन्मदिन श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया

  • श्री सत्य सेवा संगठन भागलपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

श्री सत्य सेवा संगठन भागलपुर की ओर से रविवार को श्री सत्य साईं बाबा का 100वां जन्मदिन शंकर गुप्ता के निवास स्थान पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। इस दौरान साईं भक्तों ने सत्य साईं बाबा के मानव सेवा मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में मौजूद सुड्डू साईं ने कहा कि सत्य साईं बाबा ने अपना पूरा जीवन मानव सेवा को समर्पित किया। उन्होंने अपने कार्यों और विचारों से दुनिया को करुणा, प्रेम, उदारता और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। सत्य साईं बाबा का जन्म 23 नवंबर 1926 को दक्षिण भारत के पुट्टपर्थी गाँव में हुआ था। बचपन से ही वे करुणा, उदारता और असाधारण बुद्धिमत्ता के लिए जाने जाते थे, जो उन्हें उस समय के अन्य बच्चों से अलग बनाता था।
सुड्डू साईं ने आगे बताया कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन के तहत देशभर के विभिन्न अस्पतालों में हर वर्ग के लोगों को पूरी तरह निशुल्क चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाती है। जाति, पंथ, धर्म, राष्ट्रीयता या आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना “श्री सत्य साईं संजीवनी” अस्पताल में सभी रोगियों का उपचार मुफ्त में किया जाता है, जो संगठन की मानवता के प्रति वास्तविक सेवा भावना को दर्शाता है।
कार्यक्रम में दीपक श्रीवास्तव, प्रीतम वर्मा, अलका रानी, पंकज वर्मा, दीपक गुप्ता, मुन्नी वर्मा, पांच कल्याणी शाह सहित बड़ी संख्या में साईं भक्त मौजूद थे। सभी ने बाबा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम सम्पन्न होने पर प्रसाद वितरण किया गया तथा शांति एवं सद्भाव के लिए प्रार्थना सभा आयोजित हुई।