न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में सैंडिस कंपाउंड में 17 नवंबर से चल रहे राज्यस्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को लीग चरण का अंतिम मुकाबला दरभंगा बनाम मुंगेर के बीच खेला गया। मुकाबले में दरभंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 विकेट से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश पक्का किया।
मुंगेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन दरभंगा की कसी गेंदबाजी के आगे पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 102 रन ही बना सकी। दरभंगा की ओर से अंकित कुमार ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि रंजन कुमार, अमित कुमार, मनीष कुमार, कृष कुमार और सरफराज ने एक-एक सफलता हासिल की।
मुंगेर की तरफ से विकास कुमार ने 40 गेंद में नाबाद 34 रन बनाए। उनके अलावा प्रियांशु (15) को छोड़ अन्य बल्लेबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दरभंगा ने इतिहास रच दिया। सलामी बल्लेबाज ऋषभ कुमार ने 32 गेंद में नाबाद 42 रन जबकि आदित्य राज ने 48 गेंद में नाबाद 48 रन जड़कर टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई। टूर्नामेंट में यह पहली बार है जब किसी टीम ने 10 विकेट से मुकाबला जीता। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार आदित्य राज को दिया गया।
यह सामना पटना और मुंगेर दोनों के लिए अहम था, क्योंकि दरभंगा की हार की स्थिति में पुल-बी की तीन टीमें 2-2 अंक पर आ जातीं। मगर दरभंगा ने जीत दर्ज कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
आज के मैच में मनोज गुप्ता (भागलपुर) और नीरज कुमार (पटना) अंपायर की भूमिका में थे। स्कोरर के रूप में अंकित राज एवं रोहित कुमार मौजूद रहे। चयनकर्ता धनंजय कुमार, शैलेंद्र कुमार, नवीन भूषण शर्मा तथा जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी—आनंद कुमार मिश्रा, जयशंकर ठाकुर, आलोक कुमार, सुबीर मुखर्जी उर्फ़ मामू, जयंती राज, संजीव कुमार, देवीशंकर सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
सेमीफाइनल लाइनअप
पहला सेमीफाइनल (सुबह 8:00 बजे)
तिरहुत प्रमंडल बनाम दरभंगा प्रमंडल
— तिरहुत ने पुल-ए में कोसी, मगध और सारण को हराकर 6 अंक के साथ विनर स्थान हासिल किया।
— पुल-बी से दरभंगा ने पटना और मुंगेर को हराकर 4 अंक के साथ जगह बनाई।
दूसरा सेमीफाइनल (दोपहर 12:00 बजे)
भागलपुर बनाम मगध प्रमंडल
— भागलपुर ने पटना, दरभंगा और मुंगेर पर जीत दर्ज कर लगातार 3 मैच जीतते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
— मगध प्रमंडल दो जीत के साथ रनर-अप बनकर अंतिम चार में पहुँचा।
आज के सभी मैच सफलतापूर्वक संपन्न हुए। जिला खेल पदाधिकारी भागलपुर द्वारा प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी साझा की गई।

































