- रक्शाडीह में जमीन दिलाने के नाम पर युवक से 27 लाख वसूले, न जमीन दी न पैसा लौटाया—पीड़ित ने बबरगंज में कराई FIR
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर भारी भरकम ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी सह मुखिया अजय राय के भाई विजय राय और उनकी पत्नी पर पुलिस ने करीब 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
बबरगंज के राहुल झा के बयान पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, रक्शाडीह में जमीन दिलाने के नाम पर आरोपी दंपती ने उनसे 25 लाख से अधिक रुपये लिए, लेकिन न तो जमीन दी गई और न ही पैसा वापस किया गया। पैसा वापस मांगत पर धमकी दी जाती है। पीड़ित का आरोप है कि कई महीनों तक सिर्फ आश्वासन देकर उनके साथ खुली ठगी की गई।
थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार ने बताया कि मामले में जांच जारी है और सभी बिंदुओं पर पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।
पहले भी घोटाले में फंस चुका है विजय राय
गौरतलब है कि विजय राय का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह सरकारी चावल घोटाले में आरोपी रह चुका है। उस समय वह चावल मिल चलाता था और पैक्स द्वारा दिए गए धान के बदले चावल देना था, लेकिन चावल नहीं दिया गया। मामले के सामने आने पर उनके खिलाफ घपला और हेराफेरी का केस दर्ज हुआ था।
लगातार विवादों में राय परिवार
लगातार विवादों और धोखाधड़ी के मामलों में फंसने से राय परिवार पुनः सुर्खियों में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के नाम पर ठगी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जदयू नेता को अज्ञात व्यक्ति ने दी जान से मारने की धमकी, थाना में लिखित आवेदन, इसमें भी आया अजय राय का नाम
जदयू नेता राकेश कुमार ओझा को शनिवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने तातारपुर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
जदयू नेता राकेश कुमार ओझा ने अपने आवेदन में बताया कि शनिवार, 22 नवम्बर को रात 8:58 बजे उनके मोबाइल नंबर 7004473833 पर मोबाइल नंबर 7979784705 से कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज के पूर्व उम्मीदवार अजय राय से जुड़ा हुआ बताते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।

आवेदन में राकेश ओझा ने कहा कि फोन पर मिली धमकी की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है और इसकी जांच जरूरी है। उन्होंने थानाध्यक्ष से आग्रह किया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। थाना प्रभारी ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

जदयू नेता राकेश कुमार ओझा ने पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग से संबंधित पोस्ट सोशल साइट्स पर की थी
जदयू के सक्रिय कार्यकर्ता राकेश कुमार ओझा ने संगठन में बढ़ रही कथित पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पार्टी नेतृत्व से त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने इस संबंध में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस पोस्ट के बाद ही उन्हें धमकी वाला काल आया था।
राकेश ओझा ने कहा कि जदयू हमेशा से अनुशासन और संगठन की मजबूती के लिए जाना जाता है, लेकिन हाल के विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने पार्टी की अधिकृत लाइन से हटकर कार्य किया और अब वे अपनी तस्वीरों एवं शपथ ग्रहण समारोह के निमंत्रण पत्रों को प्रचारित कर समर्पित कार्यकर्ताओं को आहत करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि भागलपुर जिले में चुनाव के दौरान हुई कई ‘organizational गड़बड़ियों’ को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष है, विशेषकर जदयू जिलाध्यक्ष बिपिन बिहारी सिंह की भूमिका को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठाए जा रहे हैं। ओझा ने कहा कि इन सभी मामलों की निष्ठापूर्वक जांच आवश्यक है, ताकि संगठन की मर्यादा अक्षुण्ण रहे।
राकेश ओझा ने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि पूरे प्रकरण पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि समर्पित कार्यकर्ताओं का मनोबल बना रहे और पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि बना रहे।


































