छह माह तक शिशु को केवल मां का दें दूध

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सदर अस्पताल में नेशनल न्यूबोर्न वीक सेलिब्रेशन 2025 के अवसर पर शनिवार को न्यूबोर्न के संबंध में विस्तृत जानकारी एएनएम स्कूल के छात्राओं एवं पिरामल फाउंडेशन के द्वारा नुक्कड़ नाटक और गीत के माध्यम से बताया गया कि नवजात शिशुओं की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि जन्म के बाद पहले 7 दिनों तक नवजात को नहीं नहलाना चाहिए, नाल पर किसी भी प्रकार का पदार्थ नहीं लगाना चाहिए, और शिशु को सर्दी से बचाने के लिए कंगारू मदर केयर का उपयोग बेहद लाभदायक है।
साथ ही यह भी बताया गया कि जन्म के पहले 1 घंटे के भीतर बच्चे को माँ का दूध अवश्य पिलाना चाहिए, क्योंकि यह बच्चे की प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसके बाद 6 महीने तक शिशु को केवल माँ का दूध ही देना चाहिए, इसमें पानी, शहद या कोई अन्य भोजन नहीं देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को नवजात की सही देखभाल, साफ-सफाई और तापमान बनाए रखने के सरल उपाय भी समझाए गए।
इस मौके पर बाल कृष्ण चौधरी, जिला योजना समन्वयक-जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजीत कुमार जायसवाल पिरामल फाउंडेशन से चन्दन कुमार , गांधी फेलो एवं अन्य उपस्थित थे।