न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचन नगर में शुक्रवार को एक मछुआरे की संदिग्ध स्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहित बल्ला के रूप में हुई है, जिसका शव सुवरा नदी से तैरता हुआ बरामद किया गया।
परिजनों के अनुसार, मोहित गुरुवार रात रोज की तरह अपने दोस्तों के साथ सुवरा नदी में मछली पकड़ने गया था। देर रात सभी साथी घर लौट आए, लेकिन मोहित वापस नहीं पहुँचा। सुबह जब काफी देर तक उसका कोई अता-पता नहीं चला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से नदी में महाजाल डाला गया, तब जाकर मोहित का शव पानी में मिला।
मोहित के साथी राम बच्चन मल्लाह ने बताया कि रात में सभी लोग साथ मछली मार रहे थे। “हम लोग तो घर लौट आए थे। उस समय मोहित और पारस के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। उसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी हमें नहीं,” उन्होंने कहा। इस बयान ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।
इधर, भभुआ नगर सभापति विकास उर्फ बब्लू तिवारी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने बताया, “मोहित बल्ला मेरे वार्ड 15 का रहने वाला था। वह रात में मछली मारने गया था और आज उसकी मौत हो गई। यह पूरी तरह जांच का विषय है। मैं जिला प्रशासन से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करता हूँ।”
भभुआ डीएसपी मनोरंजन भारती ने फोन पर बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का लग रहा है। “पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मौत का कारण क्या है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है,” उन्होंने कहा।
घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।



























