न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
फारबिसगंज कृषि बाजार उत्पादन समिति (विघटित) परिसर का फारबिसगंज एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मार्केटिंग यार्ड में चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए संबंधित ठेकेदार व अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का सख़्त निर्देश दिया।
एसडीओ रंजीत कुमार रंजन ने कहा कि कृषि बाजार उत्पादन समिति क्षेत्र को स्वच्छ,व्यवस्थित और व्यापारियों के अनुकूल बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि यार्ड में फैली गंदगी को हटाने तथा समुचित व्यवस्था के लिए तत्काल कदम उठाया जाय।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने यह भी पाया कि परिसर में कई दुकानदार बिना लाइसेंस के दुकान चला रहे हैं।जिस पर उन्होंने साफ कहा कि गैर-लाइसेंसी दुकानदार तुरंत अपनी दुकानें खाली करें। केवल वही व्यापारी कृषि बाजार उत्पादन समिति क्षेत्र में व्यवसाय कर पाएंगे जिनके पास वैध लाइसेंस है। लाइसेंसी व्यक्ति को अपने लाइसेंस के साथ अनुमंडल कार्यालय में पेश होने की हिदायत दी।उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध रूप से दुकान चलाते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बाजार समिति के कर्मियों व व्यापारियों से आग्रह किया कि यार्ड में अवैध दुकानदारों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराए, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।
एसडीओ ने कहा कि मार्केटिंग यार्ड को गंदगी मुक्त, सुरक्षित और किसानों के लिए सुविधाजनक बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाजार समिति को मॉडल यार्ड के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ कोर्ट के सहायक शमशेर आलम,कृषि बाजार उत्पादन समिति के मुंशी चंदन सिंह सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
एसडीओ ने मार्केटिंग यार्ड परिसर में अधूरे निर्माण कार्य पर जताई नाराजगी,अवैध दुकानदारों को दिया हटने का अल्टीमेटम


























