न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार राज खेल प्राधिकरण, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बांका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय अंडर-14 एवं अंडर-17 फ्री स्टाइल बालक वर्ग कुश्ती प्रतियोगिता में भागलपुर जिले के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का परचम लहराया। भागलपुर जिला कुश्ती संघ के सचिव बृजेश कुमार ने बताया कि जिले के खिलाड़ियों ने कुल चार पदक जीतकर भागलपुर का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया। अंडर-14 फ्री स्टाइल बालक वर्ग में अभिषेक कुमार ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया। इसी वर्ग में अखिलेश कुमार यादव ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, 40 किलोग्राम भार वर्ग में राजीव नंदन ने बेहतरीन संघर्ष करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-17 फ्री स्टाइल बालक वर्ग में भागलपुर के अंकित तांती ने 51 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार मुकाबलों के बाद रजत पदक जीता और जिले की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ा। इन पदक विजेताओं के साथ-साथ राजा कुमार, प्रीतम कुमार, चंदन कुमार, गौरव कुमार, राजकुमार, उमर अंसारी, आयुष, पीयूष कुमार, दिव्यांशु कुमार, मोहम्मद फिरदौस आलम और मोहम्मद सलाम ने भी दमदार प्रदर्शन कर आयोजकों और दर्शकों की सराहना प्राप्त की। सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार, सतीश चंद्र, अभिमन्यु कुमार, शिवबंधु कुमार और राहुल कुमार ने शुभकामनाएं व बधाई दी। प्रतियोगिता में इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने न केवल भागलपुर जिले की प्रतिभा को सामने रखा, बल्कि भविष्य में बेहतर परिणामों की उम्मीद भी जताई।


























