- भागलपुर के प्राचीन स्थलों को पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित करने पर हुई महत्वपूर्ण बैठक
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में भागलपुर के प्राचीन पुरातात्विक एवं धार्मिक स्थलों को चिन्हित कर उन्हें पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर कला एवं संस्कृति विभाग के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला कला संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने बताया कि जिले में कई ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जिनमें मखदूम शाह का मकबरा, बटेश्वर धाम और तीन पहाड़ी प्रमुख हैं। इन स्थलों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इन्हें विकसित कर जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया जा सकता है।
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि नवगछिया का शंकर स्थान तथा नारायणपुर स्थित लगभग 250 वर्ष पुराना ऐतिहासिक कुआं भी संभावित पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किए जा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों तथा जिला कला संस्कृति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के ऐसे सभी प्राचीन, पुरातात्विक, प्रसिद्ध एवं धार्मिक स्थलों की सूची तैयार कर उनके विकास का विस्तृत प्रस्ताव उपलब्ध कराएं।
साथ ही, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने नगर निगम के पदाधिकारियों को रात्रि में शहर का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर डस्टबिन की आवश्यकता है, वहां तुरंत डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएं और जहां भी कचरा जमा हो रहा है, वहां रात में ही कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन विकास एवं स्वच्छता, दोनों ही शहर की छवि सुधारने के महत्वपूर्ण घटक हैं, इसलिए संबंधित विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।


































