न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में पिछले माह सोशल मीडिया पर दो युवकों द्वारा देसी कट्टा से फायरिंग करते हुए बनाया गया वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया था। वीडियो सामने आने के बाद से ही पुलिस दोनों युवकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी सिलसिले में पुलिस ने पहले जयरामपुर निवासी दीपक कुमार को गिरफ्तार किया था। उसके पास से देसी हथियार भी बरामद हुआ था। पूछताछ में दीपक ने हथियार के मालिकाना हक को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी थी। उसने बताया था कि बरामद कट्टा उसके साथी विशाल गुप्ता का है। इस आधार पर झंडापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इसके बाद से पुलिस दूसरे आरोपी की खोज में जुटी हुई थी। अंततः मंगलवार की देर रात जयरामपुर तेलघीटोल निवासी विजय गुप्ता के पुत्र विशाल गुप्ता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि हिरासत में लेने के बाद आरोपी की मेडिकल जांच कराई गई और बुधवार की सुबह उसे न्यायिक हिरासत में अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में देसी हथियार का खुलेआम उपयोग कर दोनों युवकों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी थी। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
































