न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
एसएम कॉलेज में बुधवार को प्राचार्या प्रो. निशा झा की अध्यक्षता में सभी विभागाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्या ने कहा कि एसएम कॉलेज टीएमबीयू का एक प्रतिष्ठित एवं प्रीमियर महिला महाविद्यालय है, जहाँ कॉमर्स को छोड़कर लगभग सभी विषयों में स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई उपलब्ध है। उन्होंने इसे महाविद्यालय की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इतने विषयों में पीजी की पढ़ाई अन्य किसी कॉलेज में उपलब्ध नहीं है।
प्राचार्या ने बताया कि समयबद्ध रूटीन के अनुसार कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है और इसकी मॉनिटरिंग वे स्वयं कर रही हैं। विभागों से प्रतिदिन प्राप्त प्रगति रिपोर्ट के आधार पर भी पठन-पाठन की समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ कॉलेज में खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।
बैठक में सभी विभागों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु वाद-विवाद, लेखन, भाषण व निबंध जैसी प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, कॉन्फ्रेंस और वर्कशॉप आयोजित करने पर जोर दिया गया। प्राचार्या ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्रमों का विस्तृत प्रगति प्रतिवेदन 20 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से जमा करेंगे।
बैठक में छात्र हित में नए पाठ्यक्रम शुरू करने पर भी विचार किया गया। जिन पाठ्यक्रमों—जैसे गांधी विचार, भूगोल, आईआरपीएम, प्राचीन इतिहास और ग्रामीण विकास—का प्रस्ताव पहले विश्वविद्यालय को भेजा गया था, उस पर पुनः पत्राचार करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा स्नातक स्तर पर एंथ्रोपोलॉजी की पढ़ाई शुरू करने का नया प्रस्ताव भी भेजा जाएगा।
कॉलेज नहीं आने वाली छात्राओं पर सख्ती बरतने के मुद्दे पर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। सभी विभागों को कक्षाओं में नगण्य उपस्थिति वाली छात्राओं की सूची तैयार कर 25 नवंबर तक प्राचार्या को सौंपने का निर्देश दिया गया है। ऐसे मामलों में अभिभावकों को कॉलेज बुलाया जाएगा और उन्हें स्थिति से अवगत कराया जाएगा। साथ ही टीचर-पेरेंट्स मीटिंग भी आयोजित की जाएगी।
बैठक में डॉ. मुकेश कुमार सिंह, डॉ. कुमार प्रभात चंद्रा, डॉ. अंजू कुमारी, डॉ. नाहिद इरफान, डॉ. दीपक कुमार दिनकर, डॉ. अमृता प्रियंवदा, डॉ. सुप्रिया शालिनी, डॉ. श्वेता सिंह कोमल, डॉ. लोकेश कुमार, डॉ. मिथिलेेश तिवारी, डॉ. चैतन्या सी. दामू सहित विभिन्न विभागों के हेड उपस्थित रहे। बैठक के संचालन में सहायक कानन राजू ने सहयोग किया।

































