न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ODF (खुले में शौच से मुक्त) घोषित किए गए कैमूर जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोनहन थाना क्षेत्र के कनपरा गांव में बुधवार की सुबह शौच के लिए गई एक महिला की तालाब में डूबकर मौत हो गई। सुबह करीब 4:30 बजे हुई इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
मृतका की पहचान अवधेश सिंह की 29 वर्षीय पत्नी अनिता कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों ने बताया कि रोज की तरह अनिता सुबह शौच के लिए गांव के तालाब की ओर गई थी, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटी। परिजन जब खोजबीन करते हुए तालाब की तरफ पहुँचे, तो पानी में तैरता हुआ शव देखकर उनके होश उड़ गए। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सोनहन थाना पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पति अवधेश सिंह ने बताया कि गांव की अधिकांश महिलाएं शौच के लिए तालाब की ओर ही जाती हैं। अनिता भी वहीं गई थी। पानी छूने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घर में दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और इस हादसे के बाद परिवार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शौचालय नहीं होने के कारण महिलाओं को खुले में जाने की मजबूरी रहती है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
मृतका के पति ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि बच्चों के पालन-पोषण में सहायता मिल सके।
गांव के लोगों का कहना है कि यह घटना फिर एक बार ग्रामीण इलाकों में शौचालय निर्माण की हकीकत पर सवाल उठाती है। प्रशासनिक दावे और वास्तविकता के बीच की खाई इस त्रासदी में साफ दिखाई देती है।
कैमूर में खुले में शौच के दौरान दर्दनाक हादसा- तालाब में डूबने से महिला की मौत, गांव में मातम

































