न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भागलपुर के समीक्षा भवन में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों के निरीक्षण प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर 18 नवंबर को सभी वरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने प्रखंडों एवं अंचलों का निरीक्षण किया था।
कई प्रखंडों का हुआ निरीक्षण, कमियों पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी को बैठक में बताया गया कि इस्माइलपुर प्रखंड सह अंचल का निरीक्षण वरीय उप समाहर्ता अंकिता रंजन ने किया।
बिहपुर प्रखंड का निरीक्षण वरीय उप समाहर्ता मीनाक्षी ने, गोपालपुर प्रखंड का निरीक्षण जिला पंचायती राज पदाधिकारी विकास कुमार ने,
सुल्तानगंज एवं शाहकुण्ड का भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर ने, सन्हौला प्रखंड का कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी ने, गोराडीह का अपर समाहर्ता राजस्व ने, जगदीशपुर का जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी सुधीर कुमार ने तथा रंगरा चौक प्रखंड सह अंचल का निरीक्षण अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन द्वारा किया गया।
सभी पदाधिकारियों ने आगत-निर्गत पंजी, रोकड़ बही, पीएम आवास ग्रामीण, सीएम आवास योजना, दाखिल-खारिज, ई–मापी, सीपी ग्राम, आधार व आरपीएस केंद्र, लोक शिकायत निवारण, पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, चिकित्सा केंद्र, कृषि कार्यालय सहित कई बिंदुओं की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
जहाँ कमियाँ मिलीं— वहाँ सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि—सभी कमियों को निर्धारित समय सीमा में दुरुस्त किया जाए। तीनों अनुमंडल पदाधिकारी शनिवार से सोमवार के बीच अपने क्षेत्र के सभी नगर निकायों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन दें। जिन विभागों में भवन या अन्य निर्माण कार्य हो रहा है, उनकी जांच अलग विभाग के अभियंता द्वारा कराई जाए।
पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी, स्कूल, पीडीएस दुकान, हॉस्पिटल, खाद दुकान, मध्यान्ह भोजन योजना की नियमित जांच हो। विद्यालयों में साफ-सफाई, शौचालय की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, लाइब्रेरी तथा शिक्षा की गुणवत्ता की निगरानी की जाए। मार्केटिंग ऑफिसर को पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी की जांच का निर्देश।
दाखिल-खारिज में गड़बड़ियों पर सख्ती
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि ऐसे कर्मचारियों को चिन्हित किया जाए जो दाखिल-खारिज आवेदन को बार-बार आपत्ति लगाकर वापस कर रहे हैं।
हर अंचल से ऐसे 10 मामलों की सूची मांग की गई है।
संयुक्त भ्रमण एवं लंबित मामलों के निष्पादन का आदेश।
उन्होंने कहा—थाना दिवस पर एसडीएम और एसडीपीओ संयुक्त रूप से अंचल का भ्रमण करें और गंभीर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित कराएं।
वरीय पदाधिकारी प्रखंडों में लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन कराएं।
रंगरा चौक प्रखंड सड़क मामले में कार्रवाई
रंगरा चौक प्रखंड मुख्यालय के क्षतिग्रस्त पहुंच पथ की स्थिति पर जिलाधिकारी ने आरडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके साथ ही कनीय एवं सहायक अभियंता का वेतन स्थगित कर दिया गया है।
समन्वय पर जोर— विभागीय अधिकारियों को चेतावनी
जिलाधिकारी ने कहा—प्रखंड स्तर पर प्रतिमाह समन्वय बैठक अनिवार्य है। विभागीय पदाधिकारियों को अपने नियंत्रण क्षेत्र में सक्रिय रहना होगा।
यदि किसी पदाधिकारी को दूसरे विभाग का प्रभार मिला है, तो उसे संबंधित विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी से प्रशिक्षण लेकर कार्य का निष्पादन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य जिला स्तरीय अधिकारियों को यह दर्पण दिखाना था कि प्रखंडों में उनके नेतृत्व में कार्यों की वास्तविक स्थिति क्या है।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित सभी संबंधित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


































