धारदार हथियार से गला रेतकर 48 वर्षीय व्यक्ति की हत्या

  • परिजन ने गोतिया पर मर्डर का लगाया आरोप
  • एसपी ने कहा-अपराधियों की पहचान कर होगी गिरफ्तारी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ वीरपुर

जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर वार्ड 10 में सोमवार की रात करीब 8 बजे एक व्यक्ति की गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुँच कर मामले की जानकारी ली, देर रात एसपी शरथ आरएस भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पीड़ित परिजनों क़ो न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वीरपुर थानाध्यक्ष और एसडीपीओ क़ो आवश्यक निर्देश भी दिया गया। पुलिस ने लाश क़ो कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मे भेज दिया। मृतक की पहचान सीतापुर वार्ड संख्या 10 निवासी हरिप्रसाद देव के बेटे 48 वर्षीय राम प्रसाद देव के रूप में की गई है।
वीरपुर थाना की टीम विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक दुश्मनी, जमीन विवाद और हाल के तनाव को विशेष रूप से जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस संभावित आरोपितों की गतिविधियों, उनके लोकेशन और घटना से पूर्व की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है। क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

डॉग स्क्वायट से ली गई स्थल की तालाशी
घटना के बाद मंगलवार की सुबह वीरपुर थाना की टीम खोजी कुत्ते के साथ उक्त घटना स्थल पर दो बार गई, दोनों ही समय कुत्ते एक नियत स्थल पर जाकर रुक गई। बाद मे मंगलवार की दोपहर फॉरेनसिक टीम भी उक्त स्थल पर थानाध्यक्ष राजकिशोर मण्डल के साथ गई और स्थल पर खून से लदे मिट्टी का नमूना संग्रह किया। टीम के लोगों ने स्थल पर मौजूद लोगों से आवश्यक पूछ ताछ भी की।
बताया जा रहा है कि मृतक राम प्रसाद देव के चार बच्चे दो पुत्री और दो पुत्र हैं। जिसमे एक पुत्री और पत्नी दिव्यांग है। पत्नी गंगा देवी और पिता हरि प्रसाद देव ने स्थानीय पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है।
हरी प्रसाद देव ने बताया कि 10 एकड़ 8 डिसमिल जमीनी विवाद करीब आठ वर्षों से चल रहा है, जनता दरबार के साथ साथ विवाद न्यायालय में भी चल रहा है।
पूछे जाने पर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि आवेदन अब तक अप्राप्त है लेकिन घटना और मौजूदा साक्ष्य के आधार पर पुलिस विभिन्न बिन्दुओ पर जांच कर रही है।