दयालपुर चौक के पास ट्रक-बस की भीषण टक्कर, बस चालक की मौके पर दर्दनाक मौत, ट्रक चालक गंभीर

लवकुश सिंह बंटी (बिहपुर)

झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर बगड़ी पुल से कुछ दूरी पर शनिवार देर शाम एक भयावह सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार में आ रही बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने टक्कर में बस चालक रमाकांत सिंह (हरिकचक, बेगूसराय) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक संतोष सहनी (चेरियाबरियारपुर) गंभीर रूप से घायल हैं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। बस चालक स्टेयरिंग में फंस गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। सड़क पूरी तरह जाम हो चुकी थी। स्थानीय लोगों और किरान मशीन की मदद से वाहनों को अलग करवाकर आधे घंटे में यातायात बहाल किया गया।
गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक को मायागंज मेडिकल कॉलेज, भागलपुर रेफर किया गया है।
मृतक रमाकांत सिंह बीएसएफ जवानों को बागडोगरा छोड़कर बेगूसराय लौट रहे थे। उनके घर में हादसे के बाद कोहराम मचा है। पत्नी, दो बेटियाँ और एक पुत्र के लिए रमाकांत ही एकमात्र सहारा थे। गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान सड़क की फिसलन और तेज रफ्तार को मान रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच-31 पर बढ़ती दुर्घटनाओं को लेकर स्पीड कंट्रोल और पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।