- मड़वा गांव में भक्ति-रस से सराबोर रहा धाम परिसर, भजन संध्या में कलाकारों ने बांधा समां
लवकुश सिंह बंटी, बिहपुर
बिहपुर प्रखंड के मड़वा गांव स्थित बज्रलेश्वरनाथ धाम में आयोजित दो दिवसीय 110वां वार्षिक श्री श्री 108 उत्पन्ना एकादशी संकीर्तन यज्ञ रविवार को भक्तिमय वातावरण में विधिवत संपन्न हुआ। यज्ञ का संचालन उत्पन्ना एकादशी संकीर्तन यज्ञ समिति, मड़वा द्वारा किया गया।
समिति अध्यक्ष प्रो. इंदुशेखर पाठक, कोषाध्यक्ष शंभु कुमार राय, नीरज कुमार मिश्र, मिथिलेश कुमार मिश्र, पुरुषोत्तम मिश्र एवं विजय पाठक ने संयुक्त रूप से बताया कि परंपरागत मान्यता के अनुसार उत्पन्ना एकादशी का पूजन वर्षभर की सभी एकादशियों के बराबर पुण्यफल प्रदान करता है। इसके महात्म्य का वर्णन विभिन्न पुराणों एवं शास्त्रों में प्रमुख रूप से मिलता है।
भजन संध्या में गूंजे भक्ति-गीत
समारोह के दूसरे दिन आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन सम्राट दीपक मिश्र हिमांशु, कटरिया के चंदन महंत, तथा भागलपुर की चर्चित गायिका सपना श्वेता ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। ‘सीताराम-सीताराम’, ‘जहि विधि राखे राम तेही विधि रहिए’ सहित कई भक्तिगीतों ने श्रद्धालुओं को भाव-विह्वल कर दिया। कलाकारों की मधुर आवाज़ और संगीत की गरिमा से पूरा धाम परिसर भक्ति-रस में डूब गया।
हवन-पूजन और कलश विसर्जन के साथ समापन
रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन, आरती और पूर्णाहुति की गई। इसके बाद पूरे विधि-विधान से कलश विसर्जन संपन्न हुआ, जिसके साथ दो दिवसीय धार्मिक उत्सव का समापन हुआ।
धाम परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण “हरि-नाम” के गूंजते जयकारों से भक्तिमय बना रहा।

































