न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
एस.एम. कॉलेज परिसर आज राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के युवा उत्साह और अनुशासन से गूंज उठा, जब 47 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कैंप का विधिवत शुभारंभ किया गया। समारोह में कॉलेज प्रशासन, एनसीसी अधिकारी एवं अतिथियों की उपस्थिति रही। इस कैंप में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से कुल 500 गर्ल कैडेट्स भाग ले रही हैं।
कैंप के उद्घाटन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि “एनसीसी केवल वर्दी पहनने या परेड का प्रशिक्षण ही नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है।”
उन्होंने सभी कैडेट्स को पूरे समर्पण और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण में शामिल होने की प्रेरणा दी।
10 दिनों तक चलने वाले इस कैंप में कैडेट्स को ड्रिल, फील्ड क्राफ्ट, मैप रीडिंग, हथियार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, तथा व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सत्रों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और सामाजिक सेवा जैसे विषयों पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया जाएगा।
कर्नल राना ने आगे कहा कि “ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं के भीतर राष्ट्र-निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा दिखाते हैं।”
उन्होंने सभी कैडेट्स को आगामी सत्रों के लिए शुभकामनाएँ दीं। 47 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित यह विशेष कैंप 15 नवंबर से 24 नवंबर 2025 तक चलेगा। कैंप के दौरान कैडेट्स सैन्य एवं नागरिक जीवन में उपयोगी विभिन्न कौशल सीखकर भविष्य के लिए स्वयं को तैयार करेंगी।


























