टेंपो और ट्रक की भीषण टक्कर, महिला की मौत, आठ यात्री घायल

  • मोहनिया-आरा पथ जाम, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

प्रमोद कुमार, कैमूर

जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के मामादेव गांव के समीप गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर ईंट-पत्थर रखकर मोहनिया-आरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना स्थल पर मोहनिया थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी यात्री एक शादी समारोह से लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि टेंपो गलत दिशा से जा रही थी, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टेंपो में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में मामादेव निवासी धीरेन्द्र कुशवाहा की 39 वर्षीय पत्नी देवंता देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों की पहचान संतोष कुमार (35), सरोज कुमार (35), रीता देवी (35), यमुना देवी (40), निधि कुमारी (16), ऊषा देवी (40), सुगंधा देवी (38) और रीना देवी (40) के रूप में हुई है। सभी घायलों को पहले मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण मृतक के परिजन को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। काफी देर तक जाम लगा रहा, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

पुलिस प्रशासन ने स्थिति पर नियंत्रण पाने के बाद सड़क से जाम हटवाया और आवागमन सामान्य कराया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।