मुंबई में जेमिमा रोड्रिग्स, शबाना आज़मी और अन्य फिल्मी सितारों के बीच हुआ सम्मान, महिलाओं के सशक्तिकरण में योगदान के लिए मिली पहचान
न्यूज स्कैन ब्यूरो, मुंबई
बिहार की बेटी शिल्पी सिंह को प्रतिष्ठित “सुपर वुमनिया राष्ट्रीय पुरस्कार 2025” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें महिलाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और ग्रामीण बिहार में सामाजिक परिवर्तन के लिए दिए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। इस भव्य समारोह का आयोजन एफएम फीवर की आरजे स्तुति और हिंदुस्तान टाइम्स मीडिया ग्रुप द्वारा होटल आईटीसी ग्रैंड सेंट्रल, मुंबई में किया गया, जहां देशभर की प्रेरणादायक महिलाओं को “सुपर वुमनिया” के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में रही जेमिमा रोड्रिग्स और बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियाँ
इस अवसर पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को उनके हालिया महिला विश्व कप 2025 में शानदार प्रदर्शन और भारत को पहली बार विश्व विजेता बनाने में योगदान के लिए “एंड्योरिंग पायनियरिंग अवार्ड” से सम्मानित किया गया। समारोह में शबाना आज़मी, अदिति राव हैदरी, सान्या मल्होत्रा, टिस्का चोपड़ा, जूही बब्बर, हीना ख़ान, रसिका दुग्गल, लीसा मिश्रा, निकिता दत्ता और मोना सिंह जैसी फिल्मी हस्तियाँ भी मौजूद रहीं।

बिहार का मान बढ़ाने वाली बेटी
भूमिका विहार संगठन की निदेशक शिल्पी सिंह ने सम्मान ग्रहण करते हुए कहा, “यह पुरस्कार मेरे लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी ग्रामीण और वंचित महिलाओं की आवाज का प्रतीक है जो कठिन परिस्थितियों में भी बदलाव की मशाल थामे हुए हैं। यह सम्मान बिहार की हर उस बेटी को समर्पित है जो अपने अधिकारों और अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है।” कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि शिल्पी सिंह का यह सम्मान पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है, और उनकी प्रेरक यात्रा नई पीढ़ी की महिलाओं के लिए मार्गदर्शन बनेगी।

































