- रामगढ़ हाई स्कूल प्रांगण में ठहरे थे सभी जवान, जांच में जुटी पुलिस
न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की ड्यूटी में तैनात कर्नाटक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल राजकुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। मृतक जवान रामगढ़ में चुनावी ड्यूटी पर तैनात थे।
सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक पुलिस की टीम चुनाव ड्यूटी के सिलसिले में कैमूर पहुंची थी और सभी जवान रामगढ़ हाई स्कूल प्रांगण में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह जब साथी जवानों ने राजकुमार को जगाने की कोशिश की, तो वे अचेत अवस्था में पाए गए। तत्काल उन्हें रामगढ़ रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की पुष्टि रामगढ़ बीडीओ जितेंद्र कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला हार्ट अटैक से हुई मौत का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की सूचना पर रामगढ़ थाना अध्यक्ष दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद चुनावी ड्यूटी में तैनात पुलिस बलों में शोक की लहर दौड़ गई है।
































