बिहार में एलकेजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, बनेगा डिफेंस पार्क : राजनाथ सिंह

  • कहा – “हम झूठ नहीं बोलेंगे कि सबको नौकरी देंगे, वोट देना है तो दीजिए, नहीं देना है मत दीजिए”

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कैमूर जिले के मोहनियां में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार में एलकेजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई अब मुफ्त होगी। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में अब डिफेंस पार्क की स्थापना की जाएगी, जहां बम और गोले जैसी सामरिक सामग्रियां तैयार की जाएंगी। राजनाथ सिंह ने कहा, “अब डिफेंस पार्क बिहार की धरती पर बनेगा और उन बम-गोले को बिहार के युवाओं के हाथों से तैयार किया जाएगा। इससे राज्य के हजारों युवकों को रोजगार मिलेगा।”
रोजगार के मुद्दे पर विपक्ष के वादों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव हर घर में सरकारी नौकरी देने की बात कर रहे हैं, जो संभव नहीं है। राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कहा, “हम झूठ बोलकर समर्थन नहीं लेंगे। अगर आपको वोट देना है तो दीजिए, नहीं देना है मत दीजिए। लेकिन हम कुछ ऐसा करेंगे कि रोजगार की व्यवस्था हो और युवाओं के हाथों में हुनर हो।”
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दे रही है ताकि वे सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर सकें। डिफेंस पार्क बनने से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि बिहार उद्योग और तकनीकी क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छुएगा।