न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को देवघर के जिले मोहनपुर में स्कूली छात्राओं का दिल जीत लिया। छात्राओं को हेलीकॉप्टर में बैठाया और उनका शौक पूरा किया। असल में बिहार विधानसभा चुनाव की थका देने वाली रैलियों के बीच शुक्रवार रात को तेजस्वी यादव मोहनपुर पहुंचे और ओरनेट रिसॉर्ट में रात्रि विश्राम किया। तेजस्वी का हेलीकॉप्टर मोहनपुर के प्लस-टू विद्यालय के पास बने हेलीपैड में रखा गया। शनिवार सुबह में तेजस्वी यादव को चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए चकाई जाना था। सो, वे होटल से हेलीपैड पहुंचे, जहां पहले से स्कूल की कई छात्राएं तेजस्वी का इंतजार कर रही थीं। नेता प्रतिपक्ष के पहुंचते ही छात्रा ने कहा कि तेजस्वी भैया, हमलोगों को हेलीकॉप्टर में बैठना है। यह सुन तेजस्वी यादव ने अपने सिक्योरिटी और पायलट को कहा कि सारी छात्राओं को हेलीकॉप्टर में बैठा कर उनका शौक पूरा कर दें। फिर क्या था, कतारबद्ध होकर सारी छात्राओं ने हेलीकॉप्टर में बैठ कर अपना शौक पूरा किया और तेजस्वी को थैंक्यू कहा।
































