न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही है, वैसे-वैसे कैमूर जिले की राजनीति में हलचल तेज होती जा रही है। भभुआ विधानसभा क्षेत्र में जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बसपा सुप्रीमो मायावती जैसी बड़ी हस्तियां जनसभाएं कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर राजद प्रत्याशी वीरेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि जनता अब किसी प्रचार या चेहरे से प्रभावित होने वाली नहीं है। जनता ने मन बना लिया है — इस बार बिहार में राजद की सरकार बनेगी।
वीरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि “चाहे नरेंद्र मोदी आएं या मायावती, भभुआ और बिहार की जनता का मूड साफ है। लोग महंगाई, बेरोजगारी और विकास की ठहराव से परेशान हैं। अब जनता परिवर्तन चाहती है और राजद को ही विकल्प मान चुकी है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिलाओं को दी जा रही 10 हजार रुपये की सहायता राशि पर भी सवाल उठाया। कुशवाहा ने कहा कि “यह राशि सहायता नहीं, बल्कि एक प्रकार का ऋण है। कई महिलाओं को यह पैसा अब तक नहीं मिला है। जब मैं क्षेत्र में घूमता हूं, तो महिलाएं खुद कहती हैं कि यह चुनावी प्रलोभन है, ताकि वे फिर नीतीश कुमार को वोट दें। लेकिन अब महिलाएं पूरी तरह जागरूक हैं और राजद की सरकार बनाने का मन बना चुकी हैं।”
राजद प्रत्याशी ने आगे कहा कि यदि बिहार में तेजस्वी यादव की सरकार बनती है, तो ‘जीविका दीदी’ को राज्य कर्मी का दर्जा दिया जाएगा और उनका मानदेय वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया जाएगा। साथ ही हर महिला को ‘माई-बहन योजना’ के तहत 2,500 रुपये प्रति माह की राशि सीधे खाते में दी जाएगी।
वीरेंद्र कुशवाहा ने दावा किया कि “इस बार जनता ने ठान लिया है — अबकी बार बिहार में तेजस्वी यादव की ही सरकार बनेगी। चाहे कोई भी नेता आए या जाए, जनता का फैसला अब बदलने वाला नहीं है।”
भभुआ विधानसभा : राजद प्रत्याशी वीरेंद्र कुशवाहा बोले – नरेंद्र मोदी आएं या मायावती, जनता ने मन बना लिया है, इस बार बनेगी राजद की सरकार
































