कोसी नदी में बैरिया मंच के समीप मरौना – मधेपुर और दरभंगा के बीच सड़क पुल बनाने का दिया भरोसा
सुपौल के गांधी मैदान के चुनावी सभा को संबोधित करते हुए 6 माह में रेल ओवरब्रिज बनाने का किया वादा
सुपौल में विकास सहित रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का दिलाया भरोसा
बिहार विकास का रफ्तार पकड़ चुका है, इस रफ्तार को गति के लिए एनडीए की सरकार जरूरी : गडकरी
विनय कुमार मिश्र, सुपौल
दूसरे चरण में होने वाले विधान सभा चुनाव में प्रचार की कमान बड़े-बड़े दिग्गजों ने संभाल ली है। सुपौल के पांच विधानसभा में एनडीए प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री ने कमान संभाल ली है। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने गांधी मैदान में गुरुवार को चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जिले के सभी पांच विधानसभा में एनडीए प्रत्याशियों को जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने ने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए
केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितीन गडकरी ने कहा कि सुपौल के रेल ओवरब्रिज का निर्माण अगले 6 महीने में पूरा हो जाएगा। इसके अंदर उद्घाटन भी होगा। सुपौल- अररिया एनएच के चौड़ीकरण का काम अप्रैल 2026 तक शुरू हो जाएगा। गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा कर अप्रैल 2026 से निर्माण शुरू कराया जाएगा। उन्होंने सुपौल से जदयू प्रत्याशी और निवर्तमान मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के लिए लोगों से वोट की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अभी गोरखपुर से सिलिगुड़ी का सफर 18 घंटे का है। वह घट कर 6 घंटे का हो जाएगा। एक्सप्रेस-वे की भूमि पूजन के लिए मैं दोबारा सुपौल आऊंगा। आप मेरी बातों को लिख कर रख लीजिए, क्योंकि मैं झूठ बोलने वाला नेता नहीं हूं। उन्होंने कहा कि सुपौल सहित बिहार के हर जिले में विकास के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम हो रहा है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही किसानों को उनकी फसलों की उचित कीमत मिल सकेगी। उन्होंने सुपौल के बैरिया मंच से मरौना के रास्ते मधुबनी जिले के मधेपुर होते हुए दरभंगा तक सड़क और उच्चस्तरीय पुल निर्माण शीघ्र पहल का भरोसा दिलाया। मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के आग्रह के जवाब में उन्होंने कहा कि आप चिंता मत करिए, सब होगा। मेरे पास सड़कों का काम करने के लिए पैसे की कमी नहीं है। मैंने लाखों करोड़ रुपए की सड़कें बनाई हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अमेरिका इसलिए विकसित है, क्योंकि वहां की सड़कें बेहतरीन हैं। केंद्र और बिहार की एनडीए सरकार इसी एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने बतौर मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के कार्यों और प्रयासों की सराहना की।
जो जात की बात करेगा, उसको जनता सिखाएगी सबक :
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में जात-पात की बहुत बात होती है। लेकिन मैं स्पष्ट बोलता हूं। मैं बिना जात-पात, धर्म-पंथ देखे काम करता हूं। जो वोट देता है, उसका भी और जो नहीं देगा, उसका भी। मैं जो सही होता है, वो काम करता हूं। जो जात की बात करेगा उसको कस कर मारूंगा लात। जात-पात से बिहार का कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आदमी का सम्मान उसके कर्म से होता है। अच्छे घोड़ों को मिले घास और गधे खाएं च्यवणप्रास, यह ठीक नहीं है। जो व्यक्ति ईमानदार और कर्मठ है, उसको जनता का साथ मिलना ही चाहिए।
पेट्रोल का पैसा बचा कर किसानों को मिलेगा :
नितीन गडकरी ने कहा कि बिहार का नाम पिछड़े राज्यों में लिया जाता था। यहां बिजली, पानी और सड़क की हालात देख कर उद्योग नहीं आते थे। अब माहौल बेहतर हुआ है और विकास रफ्तार पकड़ रही है। औद्योगिक निवेश आएगा तो रोजगार आएगा और गरीबी दूर होगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में धान के भूसे से बिजली तैयार की जा रही है और एथेनॉल भी बन रहा है। बिहार में इस दिशा में काम शुरू हो चुका है। एनडीए सरकार का लक्ष्य है कि लाखों करोड़ रुपए जो हम पेट्रोलियम इंपोर्ट पर खर्च करते हैं, वह हमारे किसानों काे समृद्ध करने में लगाएं। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कई अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया। मंत्री ने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की भी चर्चा की। साथ ही एनडीए के पक्ष में लोगों से वोट की अपील की। मौके पर ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, सांसद दिलेश्वर कामेत, यूपी के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह सहित एनडीए गठबंधन के नेताओं ने संबोधित किया।

































