नेपाली मुद्रा 16 लाख 50 हजार 200 रुपये के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार,बाइक जब्त

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

45 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी निओर के द्वारा आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर 31 अक्टूबर को भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा के साथ एक व्यक्ति की गिरप्तार किया है ।
जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि आगामी विधान सभा चुनाव के दौरान अवैध कार्य पर अंकुश लगाने हेतु एसएसबी द्वारा निरन्तर प्रयास जारी है इसी क्रम में सूचना मिली थी कि सीमा चौकी निओर के जिम्मेवारी क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 228/1 के समीप से नेपाली मुद्रा की तस्करी होने की संभावना है । प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में बिहार पुलिस के साथ संयुक्त सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शुक्रवार की शाम लगभग 17:50 बजे एक नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल को भारत से नेपाल की ओर जाते हुए संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के पास से कुल 16,50,200/- (सोलह लाख पचास हजार दो सौ) नेपाली रुपये बरामद किए गए, जो उसने अपने कमर के पीछे सफेद कपड़े में बांधकर छुपाए हुए थे।
पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने अपना नाम भगवत कुमार साह, ग्राम- गोबिंदपुर,नेपाली नागरिक पाया गया। वह बरामद की गई नेपाली मुद्रा के विषय में कोई संतोषजनक उत्तर या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बरामद नेपाली मुद्रा को जब्त करते हुए मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज एवं जब्ती सूची तैयार की गई। बरामद नेपाली मुद्रा (कुल 16,50,200 रुपये), मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR 50 AB 2515) तथा गिरफ्तार व्यक्ति को एल.सी.एस. कुनौली को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु सुपुर्द कर दिया गया। उक्त कार्यवाही के दौरान एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) युवराज एवं बिहार पुलिस के उप निरीक्षक श्याम कुमार गौतम एवं अन्य जवान उपस्थित रहें।