अवैध हथियार और पांच जिंदा कारतूस के साथ एक गिरफ्तार, 50 हजार का इनामी अपराधी फरार

  • चुनाव को लेकर कैमूर पुलिस का विशेष अभियान जारी, चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में छापेमारी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान कैमूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो अवैध हथियार और पाँच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी अजीत यादव फरार हो गया।
सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी अजीत यादव कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद उसके गांव में हथियार लहराने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर भभुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनोरंजन भारती के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को देखकर अजीत यादव फरार हो गया, जबकि उसका भाई सुजीत यादव गिरफ्तार हुआ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके घर से एक एक-नाली राइफल, एक दो-नाली राइफल और पाँच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि अजीत यादव कैमूर जिले का 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी है। वह पूर्व में कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।