बूढ़ानाथ घाट पर गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल: अंग विकास समिति और सेंट्रल मोहर्रम कमेटी ने छठ पर्व पर किया एक-दूसरे का सम्मान

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

छठ महापर्व के अवसर पर बूढ़ानाथ घाट पर गंगा-जमुनी तहज़ीब की अनोखी मिसाल देखने को मिली। अंग विकास समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सेंट्रल मोहर्रम कमेटी, भागलपुर के पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अंग विकास समिति के अध्यक्ष अभय कुमार सोनू, संरक्षक कमल जायसवाल, कैलाश हरी समेत सभी सदस्यों को सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के प्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया।
वहीं, अंग विकास समिति की ओर से सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के संयोजक डॉ. प्रो. फारूक अली, कार्यकारी संयोजक महबूब आलम, मीडिया प्रभारी मोहम्मद तकी अहमद जावेद, सहसंयोजक मिंटू कलाकार, मोहम्मद इम्तियाज, सैयद जा उल हक, मोहम्मद जिनी, हमीदी कबूल खान और मोहम्मद अहमद को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर दोनों संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एक-दूसरे को छठ पर्व की बधाई दी और शांति, सौहार्द एवं गंगा-जमुनी संस्कृति की परंपरा को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है, जहाँ हर वर्ग और समुदाय के लोग मिलकर मानवता का संदेश देते हैं।