मोहनिया में भाजपा प्रत्याशी संगीता कुमारी का भारी विरोध, जनता ने लगाए ‘मुर्दाबाद’ के नारे — पूछा, “पांच साल तक कहाँ थीं विधायक?” वीडियो हुआ वायरल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के मतदान (11 नवंबर) से पहले कैमूर जिले की मोहनिया सीट का माहौल अचानक गरमा गया है। भाजपा प्रत्याशी संगीता कुमारी को प्रचार के दौरान ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जब संगीता कुमारी अपने समर्थकों के साथ एक गांव में पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाने लगे। लोगों का आरोप था कि विधायक रहते हुए उन्होंने जनता से दूरी बनाए रखी — “पाँच साल तक कहाँ थीं विधायक? हमारे गांव के लिए क्या किया?” यह सवाल बार-बार गूंजता रहा।
कई ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने समस्याओं को लेकर कई बार विधायक से मिलने की कोशिश की, लेकिन वे कभी नहीं मिलीं। वीडियो में एक समर्थक द्वारा लोगों को “वीडियो मत बनाइए” कहते सुना गया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो संगीता कुमारी ने 2020 में राजद के टिकट पर चुनाव जीता था, लेकिन 2024 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। अब वही भाजपा से मैदान में हैं। उनके इस ‘दल-बदल’ को लेकर मतदाताओं में नाराजगी दिख रही है।

दूसरी ओर, मोहनिया विधायक संगीता कुमारी ने सफाई देते हुए कहा —“मैं मोहनिया विधानसभा के अलग-अलग इलाकों में घूम रही थी। एक यादव टोला में कुछ लोग पहले से इकट्ठे कर दिए गए थे। वे नहीं चाहते कि महिला विधायक आगे बढ़े।”
वहीं भभुआ से भाजपा प्रत्याशी भरत बिन्द को भी जनता के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने उनसे पूछा — “पाँच साल में कितनी बार आए गाँव? अब याद कैसे आ गई?”
2020 में भभुआ से भरत बिन्द और मोहनिया से संगीता कुमारी दोनों राजद से जीते थे, लेकिन अब दोनों भाजपा में हैं। जनता में सवाल उठ रहा है —
“हमने आपको एक पार्टी से जीताया था, अब पार्टी बदल ली… तो अगली बार किस पर भरोसा करें?”
इन दोनों घटनाओं से कैमूर की राजनीति में भाजपा प्रत्याशियों के खिलाफ नाराजगी की लहर दिखाई दे रही है। दोनों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से चुनावी समीकरण पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।