भागलपुर में महागठबंधन की जिला समन्वय समिति की बैठक, चुनाव प्रचार को मिलेगी नई गति

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार को व्यवस्थित करने और उसमें गति लाने के लिए शनिवार को इंडिया (महागठबंधन) की जिला समन्वय समिति की बैठक स्थानीय कांग्रेस भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ई. परवेज जमाल, राजद के महानगर अध्यक्ष मो. सलाउद्दीन, भाकपा-माले के नगर प्रभारी मुकेश मुक्त, माकपा के जिला सचिव दशरथ प्रसाद, भाकपा के जिला कमिटी सदस्य मनोहर शर्मा और आईआईपी के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानु गुप्ता पान ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं का कांग्रेस कार्यालय में स्वागत किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष ई. परवेज जमाल ने बैठक का संचालन किया।
बैठक में वक्ताओं ने जोर देते हुए कहा कि इंडिया (महागठबंधन) के सभी घटक दल पूरी तरह से एकजुट हैं। सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से उतरेंगे और महागठबंधन उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई नफरत के खिलाफ मोहब्बत के लिए है। संविधान की रक्षा और कानून के राज की स्थापना के लिए महागठबंधन मजबूती से खड़ा है। विभाजनकारी ताकतों को हराया जाएगा, राज्य के संसाधनों को पूंजीपतियों के हवाले करने की एनडीए सरकार की कोशिशें विफल होंगी और सांप्रदायिक ताकतों को मात मिलेगी।
बैठक के दौरान नगर विधायक और महागठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार अजीत शर्मा भी पहुंचे। महागठबंधन के नेताओं ने उनका स्वागत किया और उन्हें चुनाव प्रचार में सफलता की शुभकामनाएं दी। अजीत शर्मा ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन करते हुए सभी से पूरी मुस्तैदी के साथ प्रचार अभियान में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय:
महागठबंधन के सभी दलों के नेता-कार्यकर्ता एकजुट होकर इंडिया समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार अभियान चलाएंगे।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में संयुक्त नुक्कड़ सभाओं और बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
त्यौहार के बाद सघन प्रचार अभियान शुरू होगा।
सभी विधानसभाओं के चुनाव प्रचार के लिए जिला मुख्यालय में मुख्य कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
विधानसभा वार चुनाव प्रचार संचालन समिति बनाई जाएगी।
जिला समन्वय समिति उम्मीदवारों के साथ चर्चा कर प्रचार अभियान की पूरी रूप-रेखा तैयार करेगी।
बैठक को उपरोक्त निर्णयों सहित विष्णु कुमार मंडल, राजकुमार प्रसाद, डॉ. प्रवीण झा, अभय आनन्द झा, श्रीमती गज़ाला परवीन, जयप्रकाश मंडल, मो. एजाज, अख़्तर हुसैन, जावेद हुसैन, सिकंदर आजम, नवीन मंडल, मजीदुर्रहमान, इम्तियाज खान आदि ने संबोधित किया। बैठक में सभी घटक दलों के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।