न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / राघोपुर
जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार को अवैध हथियार निर्माण के बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के रामबिशनपुर पंचायत के तुरकाही गांव वार्ड 1 निवासी गणेश ठाकुर (58 वर्ष) के रूप में किया गया है। पुलिस ने आरोपी के घर से पांच देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस समेत हथियार बनाने के उपकरणों का जखीरा बरामद किया है। मामले में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि तुरकाही निवासी गणेश ठाकुर अपने घर में अवैध हथियारों का निर्माण और बिक्री करता है। सूचना को सत्यापित करने और कार्रवाई हेतु वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। कार्यवाई के दौरान जब पुलिस टीम तुरकाही गांव स्थित गणेश ठाकुर के घर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तत्पश्चात पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली गई, जिसमें आंगन में बने एक दुकाननुमा कमरे से पांच देशी कट्टा, एक सेमी ऑटोमेटिक देशी पिस्टल बरामद की गई। इसके साथ ही हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले 20 प्रकार के उपकरण बरामद हुए, जिनमें इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़ा, रेती, पाइप, सुम्भा, छेनी, पिलास और भांती मशीन (लोहे गर्म करने वाला उपकरण) शामिल हैं।

तलाशी के दौरान 8 एमएम अंकित तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। बताया कि पूछताछ में गणेश ठाकुर ने बताया कि उसने यह हथियार बनाने की कला अपने भाई महेश ठाकुर से सीखी थी, जो कुछ वर्ष पूर्व नवनिर्मित अवैध हथियारों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा था और जेल भी जा चुका है। महेश ठाकुर फिलहाल फरार बताया जाता है। गणेश ठाकुर ने यह भी स्वीकार किया कि वह गद्दी गांव निवासी मो. रहीमुद्दीन के पुत्र मो. परवेज के ऑर्डर पर हथियार बनाता था और कई बार तैयार हथियार उसे दे चुका है। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और बेटा भी इस कार्य में सहयोग करते हैं। पुलिस जब उनके ठिकाने पर पहुंची तो दोनों फरार पाए गए। उसके बाद
पुलिस ने बरामद हथियारों और उपकरणों को विधिवत जप्ती सूची के तहत सील कर जब्त किया। आरोपी गणेश ठाकुर को गिरफ्तार कर थाना लाया गया जहां राघोपुर थाना कांड संख्या 404/25 दर्ज की गई है।

































