खगड़िया:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सभा के कारण तेजस्वी के सभा को नहीं मिली अनुमति: तेजस्वी ने कहा इसे ही कहते हैं तानाशाही

न्यूज स्कैन ब्यूरो। खगड़िया

जिला के खगड़िया सदर विधानसभा में शनिवार को होने वाली तेजस्वी यादव की सभा को रद्द कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने उनके हेलिकॉप्टर को लैंडिंग की इजाजत नहीं दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को जेएनकेटी इंटर विद्यालय में चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं। उनके हेलीकॉप्टर को उतरने के लिये कोशी कॉलेज के खेल मैदान का चयन किया गया है।इस वजह से जिला प्रशासन ने संसारपुर खेल मैदान में होने वाली सभा की अनुमति के लिये दिये गये आवेदन को रद्द कर दिया। प्रशासन के इस निर्णय की जानकारी होने पर खगड़िया में महागठबंधन के प्रत्याशी डॉ चंदन यादव ने कहा कि ये तानाशाही है।दोनों कार्यक्रम स्थलों के बीच पाँच किलोमीटर की दूरी होने के बावजूद कार्यक्रम की अनुमति नहीं देना पूरे चुनाव के दौरान प्रशासन के द्वारा सत्ताधारी दल के पक्षपात है। जबकि चुनाव में सभी दलों एवं उम्मीदवारों को समान अवसर दिये जाने का प्रावधान है।अगर गृहमंत्री अमित शाह को प्रोटोकॉल प्राप्त है तो विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष को भी केबिनेट मंत्री का प्रोटोकॉल प्राप्त है। शनिवार को तेजस्वी की 3 और सभाएं होनी थी। लेकिन एक की इजाजत नहीं मिलने के कारण उसे रद्द करना पड़ा। इधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जिला प्रशासन के इस रवैये को तानाशाही बताया है।