आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर धोरैया में पुलिस अधीक्षक ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, बांका

शुक्रवार की मध्य रात्रि को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बांका ने धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न चेक पोस्टों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से दो समुदायों के बीच उत्पन्न मतभेदों को देखते हुए क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और हर स्थिति में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। मौके पर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से भी अपील की कि वे अफवाहों से बचें, प्रशासन को सहयोग दें और मतदान प्रक्रिया में निर्भय होकर भाग लें। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।