महागठबंधन में सीटों का समीकरण तय, RJD को बढ़त, VIP को समझौता करना होगा, कांग्रेस ने कहा, आज नहीं तो कभी नहीं

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए विपक्षी गठबंधन ‘महागठबंधन’ में सीट बंटवारे का नया फार्मूला लगभग तय हो गया है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को सबसे अधिक 135 सीटों पर लड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस पार्टी को 61 सीटें, जबकि वामपंथी दलों CPI(ML), CPI और CPM को 31 सीटें मिली हैं। वहीं मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को 16 सीटें दी गई हैं, लेकिन उनमें से कई सीटों पर RJD या कांग्रेस के उम्मीदवार पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। सहनी के उपमुख्यमंत्री वाले प्रस्ताव पर भी सहमति नहीं बनी है। यह तय माना जा रहा है कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन का चेहरा रहेंगे।

कांग्रेस और RJD में अब भी कुछ सीटों पर विवाद
हालांकि सीटों की संख्या तय हो चुकी है, मगर कुछ विधानसभा क्षेत्रों को लेकर कांग्रेस और RJD के बीच टकराव अब भी बना हुआ है। कई ऐसी सीटें हैं जहाँ दोनों दल खुद को मजबूत दावेदार मानते हैं। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव की दिल्ली से वापसी के बाद ही यह फॉर्मूला अंतिम रूप में आया, लेकिन उम्मीदवारों के चयन को लेकर बातचीत अभी जारी है।

VIP के खाते में सीटें, पर नियंत्रण किसी और का
सूत्रों के मुताबिक, VIP को दी गई 16 सीटों में से आधे से अधिक पर उम्मीदवार RJD या कांग्रेस के होंगे। सिर्फ चुनाव चिह्न VIP का रहेगा। इससे यह साफ है कि VIP इस बार “संकेतक दल” के रूप में भूमिका निभाएगी, ना कि निर्णायक साझेदार के रूप में।

कांग्रेस का सख्त रुख, “आज या कभी नहीं”
सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को साफ अल्टीमेटम दिया था कि अगर सीट शेयरिंग जल्द तय नहीं हुई, तो पार्टी अपना स्वतंत्र रास्ता अपनाएगी। दिल्ली में हुई हालिया बैठक में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल नहीं हुए, हालांकि तेजस्वी की मुलाकात कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल से जरूर हुई। माले, सीपीआई और सीपीएम को कुल मिलाकर 31 सीटें दी गई हैं। हालांकि कुछ जिलों में इन दलों ने अपने मजबूत आधार को देखते हुए अतिरिक्त सीटों की मांग भी रखी।