भागलपुर विधानसभा चुनाव 2025: दूसरे चरण के लिए नामांकन शुरू, प्रशासन और पुलिस सतर्क


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर , भागलपुर
भागलपुर में सात विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर 2025 को होना है। आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कुल 22,18,493 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे, जिनमें से 10,74,488 महिला मतदाता हैं। ये सभी मतदाता 2,678 मतदान केंद्रों पर नेताओं के भाग्य का फैसला करेंगे।
जिला प्रशासन चुनाव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी और सीनियर एसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान कई अहम जानकारियाँ साझा कीं।
तिलकामांझी थाना और ललमटिया थाना में आचार संहिता उल्लंघन के मामलों में कांग्रेस के अज्ञात कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया गया है।
नाथनगर और कहलगांव विधानसभा क्षेत्रों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं पर आचार संहिता उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए हैं।
जिला पुलिस के सहयोग के लिए सीएपीएफ की 11 कंपनियाँ और नवगछिया पुलिस जिले में 4 कंपनियाँ तैनात हैं। आपराधिक छवि वाले व्यक्तियों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार और रविवार को चलाए गए समकालीन अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के मामलों में 2 गिरफ्तारियां हुईं। 91 लोगों के वारंट का निष्पादन किया गया।
सीएपीएफ की टीमें हर थाना क्षेत्र में गश्त और फ्लैग मार्च कर रही हैं। इसके अलावा, एसएसटी और एफएसटी टीम भी लगातार भ्रमण कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रही हैं।