न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
खेल विभाग बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आउटडोर स्टेडियम क्रीड़ा मैदान में 12 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2025 तक आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2025 का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का उ्घाटन वरीय उप-समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा अंजू कुमारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया ।
कार्यक्रम में उपाधीक्षक द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों एवं जनसमूह को स्वीप अभियान के अंतर्गत मतदान करने का शपथ दिलाया गया, उन्होंने कहा कि खेल भावना और लोकतांत्रिक भावना, दोनों हमारे जीवन के मूल मूल्य हैं।
प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि 11 नवम्बर 2025 को अपने मताधिकार का प्रयोग अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर जाकर अवश्य करें।
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने परिवार एवं समाज के प्रत्येक सदस्य को मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
आगे उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ने बताया कि सभी तरह के खेल प्रतियोगिता जैसे कि एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, योग, खो-खो, बैडमिंटन, फुटबॉल एवं रग्बी क्रीड़ाओं को आउटडोर स्टेडियम, सुपौल में आयोजित किया जा रहा है। इस जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में जिले से लगभग 600 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं जो कि अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गसमूह में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे ।
ख़बर प्राप्त होने तक पहले दिन आयोजित प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, कबड्डी एवं वॉलीबॉल में प्रतिभागियों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया।
































