न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ पिपरा
पिपरा प्रखंड के अमहा वार्ड एक और दस में जल जमाव को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। आक्रोषित लोगों ने इसको लेकर दर्जनों लोगों ने एनएच 106 को तेतराही के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया है। लोगों का कहना है की हाल में हुई बारिश के कारण अमहा पंचायत के वार्ड एक और दस में लोगों के घर आंगन में कई दिनों से पानी लगा हुआ है। जिसकी निकासी नहीं हो पा रही है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लोगों के घर आँगन से लेकर आसपास फैला हुआ है. जिसके चलते लोग बीमार पड़ने लगे हैं।

लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। लोगों ने स्थानीय पिपरा प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि आवेदन देने के बाद भी जल निकासी कि व्यवस्था नहीं की जा रही है जिससे स्थिति नारकीय हो गई है। इसी के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने एनएच 106 सड़क को तेतराही के समीप सड़क जाम कर प्रदर्शन किया है। हालांकि सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पिपरा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम को हटा दिया है। बताया गया कि करीब डेढ़ घंटे तक सड़क जाम के कारण एनएच पर आवाजाही प्रभावित रही।फिलहाल सड़क जाम को हटाकर आवाजाही शुरू कर दी गई है।


























