न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल /मरौना
जिले के मरौना प्रखंड की एक बेटी ने राज्य स्तर पर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता में क्रिकेट बॉल थ्रो स्पर्धा में मरौना प्रखंड के लालेश्वर नाथ उच्च माध्यमिक विद्यालय मरौना की प्रतिभागी एवं भलुआही वार्ड संख्या 3 निवासी लालमणी चौपाल की पुत्री भारती कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
भारती की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। उनके उज्ज्वल भविष्य की। निर्मली स्थित हंसवाहिनी विद्यासागर विद्यालय परिवार के बच्चों ने उन्हें पाग और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के फाउंडर राम प्रकाश साहू, शिक्षकों, अभिभावकों तथा छात्रों की उपस्थिति में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।विद्यालय के फाउंडर राम प्रकाश साहू ने कहा की भारती ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियाँ भी मेहनत और लगन के बल पर राज्य स्तर पर पहचान बना सकती हैं। उनकी यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। विद्यालय परिवार उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देता है।
गौरतलब है कि भारती कुमारी ने अपनी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है। उनके प्रदर्शन ने न केवल परिवार और विद्यालय का मान बढ़ाया है, बल्कि मरौना प्रखंड और सुपौल जिले का नाम भी राज्य स्तर पर रोशन किया है।
मरौना प्रखंड की बेटी ने क्रिकेट बॉल थ्रो में हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि, हंसवाहिनी स्कूल ने किया सम्मानित
































