कैमूर में दर्दनाक सड़क हादसा: मां मुंडेश्वरी का दर्शन कर लौट रही शिक्षिका की मौत

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। मां मुंडेश्वरी का दर्शन कर पति संग बाइक से लौट रही शिक्षिका ममता देवी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उनके पति राकेश पांडेय को हल्की चोटें आई हैं। यह हादसा चांद थाना क्षेत्र के कर्मनाशा नहर मोड़ के पास हुआ।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के रामगढ़ निवासी राकेश पांडेय की पत्नी और दुर्गावती प्रखंड के चेहरिया विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका ममता देवी के रूप में हुई है। राकेश पांडेय ने बताया कि मां मुंडेश्वरी का दर्शन कर लौटते समय पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों बाइक से गिर पड़े और ममता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायलों को तुरंत चांद पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ममता देवी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया।
दुर्घटना के बाद मृतका के परिजनों में मातमी माहौल है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण करने और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता प्रदान करने की मांग की है।