न्यूज स्कैन ब्यूरो सुपौल / पिपरा
सुपौल -अररिया के बीच बन रहे नई रेल लाइन परियोजना में शनिवार को अमहा- पिपरा स्टेशन से त्रिवेणीगंज के बीच बने नई रेल लाइन का सीआरएस निरीक्षण किया।पहलीबार इस रेलखंड पर ट्रेन दौड़ेंगी इसकी आस लोगों में जगी है।
मालूम हो कि सुपौल से पिपरा के बीच पूर्व से ही रेल परिचालन हो रही है। इस बीच शनिवार 27 सितंबर को पिपरा से त्रिवेणीगंज के बीच रेल लाइन परियोजना का कार्य पूर्ण होने के बाद समस्तीपुर रेल मण्डल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा और सीआरएस सुमित सिंगल ने पिपरा और त्रिवेणीगंज के बीच नई रेल लाइन का काफी बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान पहली वार त्रिवेणीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रायल ट्रेन के पहुंचते ही लोगों में खुशी लहर दौड़ गई। जिसके बाद ट्रॉली से सीआरएस और डीआरएम विभागीय अधिकारी और कर्मियों के साथ त्रिवेणीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां स्टेशन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और हजारों की संख्या में जुटे लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने मौके पर कहा कि यह त्रिवेणीगंज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। भारतीय रेल का प्रयास है कि देश के ऐसे हर कोने तक सेवा पहुंचे जहां अब तक ट्रेन नहीं पहुंची है। कहा कि रेल मंत्री जी की प्राथमिकता है कि आम लोगों को सुगम, सुरक्षित और सुलभ रेल सेवा मिले। इस कड़ी में त्रिवेणीगंज भी अब रेलवे नक्शे पर अपना स्थान बना रहा है। उन्होंने कहा कि रेल सेवा की गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस ट्रायल निरीक्षण का उद्देश्य संरचना, ट्रैक की मजबूती और यात्री सुविधाओं का जायजा लेना है। बताया गया कि निरिक्षण के बाद अब आने वाले समय में जल्द ही त्रिवेणीगंज तक ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाएगा। सुपौल रेलवे स्टेशन पर भी जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को लेकर चाकचौबंद व्यवस्था की गई थी।
































