सुल्लतानगंज–कटोरिया रेल लाइन का काम शुरू होगा, शिव भक्तों के लिए सौगात

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
भारतीय रेल ने बिहार के सुल्लतानगंज–कटोरिया रेल लाइन का निर्माण कार्य शुरू करने का फैसला किया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद भागलपुर और देवघर सहित पूरे देश के शिव भक्तों को रेल मार्ग से यात्रा करने में काफी आसानी होगी।
इस रेल लाइन की कुल लंबाई 74.8 किलोमीटर है और यह असरगंज, तारापुर और बेलहर से होकर गुजरती है। प्रस्तावित रेल खंड में सुल्लतानगंज और कटोरिया के अलावा असरगंज, तारापुर, बेलहर, श्रीनगर और सूयाबथान में ठहराव (स्टेशन) होंगे।
कटोरिया स्टेशन को जंक्शन स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। वर्तमान में कटोरिया स्टेशन बांका–जसीडीह रेल लाइन पर पड़ता है।
परियोजना पूरा होने के बाद प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं को जल लेकर देवघर तक जाने में सुविधा होगी। नवीनतम अनुमानों के अनुसार इस परियोजना पर लगभग 1261 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
वर्तमान में सुल्लतानगंज से देवघर की दूरी भागलपुर, बांका और कटोरिया होते हुए लगभग 131 किलोमीटर है। नई रेल लाइन बनने के बाद यह दूरी घटकर लगभग 101 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे सुल्लतानगंज और देवघर के बीच कनेक्टिविटी और भी बेहतर हो जाएगी।