पिछले साल हुए सोनू आलम की हत्या के मामले में दो दोषियों को आजीवन सश्रम कारावास की सजा के साथ अर्थ दंड

न्यूज स्कैन ब्यूरो, अररिया
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ रवि कुमार की अदालत ने पिछले साल मई महीने में हुए सोनू आलम की नृशंसतापूर्वक चाकू गोदकर हत्या किए जाने के मामले में दो दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई।इसके अलावा कोर्ट ने दोनों दोषियों को दो अलग अलग धाराओं में 40-40 हजार रूपये जुर्माने का अर्थ दंड भी दिया।कोर्ट ने यह फैसला सत्र बाद संख्या 542/24 में सुनाई।जो अररिया नगर थाना कांड संख्या 285/24 दिनांक 19.05.24 से संबंधित है।कोर्ट ने ककुरवा वार्ड संख्या 29 के 21 वर्षीय अकबर पिता लाल मोहम्मद और 23 वर्षीय शाहनवाज पिता जैनुद्दीन को यह सजा सुनाई।
घटना 19 मई 2024 की है,जब त्रिशूलिया घाट पर क्षत विक्षत अवस्था में अज्ञात एक युवक का शव मिला था।युवक का गला कटा हुआ था और सिर के दाहिने तरफ कनपटी और छाती चाकू के कई प्रहार से गोदा हुआ था।जांघ आदि पर भी प्रहार के साथ जानवरों द्वारा नोचा हुआ शव था और शव को शिनाख्त नहीं हो पाई थी।नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने ही अपने बयान पर प्राथमिकी कांड संख्या 285/24 भादवि की धारा 302 और 201 के तहत दर्ज कराया था।पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए शव के शिनाख्त के साथ ही घटना में शामिल दो युवकों को गिरफ्तार किया था।गिरफ्तार आरोपितों के निशानदेही पर ही बगल में मिट्टी के अंदर छिपाकर रखे मृतक का पैंट और शाहनवाज के पास से मृतक का मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।मामले को लेकर अभियोजन पक्ष की ओर से कोर्ट के समक्ष 13 साक्ष्य उपलब्ध कराए गए।जिसमें दो एफएसएल का रिपोर्ट भी शामिल है।
बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता देवनारायण सेन ने कोर्ट के समक्ष अपनी दलीलें देते हुए कम उम्र का हवाला देते हुए कम से कम सजा की गुहार लगाई।जबकि अभियोजन पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक प्रभा कुमारी ने कोर्ट से नृशंसतापूर्वक किए गए हत्या मामले में विधि सम्मत पूरी सजा दिए जाने की मांग रखी।कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अपना फैसला सुनाया और भादवि की धारा 302 में सश्रम आजीवन कारावास और 25-25 हजार रूपये और भादवि की धारा 201 में पांच साल की सजा और 15- 15 हजार रूपये के अर्थ दंड के तहत जुर्माने की सजा सुनाई।